गाजीपुर को मिला 195 करोड़ का तोहफा


अजीत सिंह
गाजीपुर (काशीवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैदपुर नगर के टाउन नेशनल इंटर कालेज परिसर में आयोजित जनसभा में कहा कि पूर्वांचल ही नहीं यूपी के गुंडों-माफियाओं पर हमारी सरकार का बुल्डोजर चलता रहेगा। उन्होंने इस दौरान 195 करोड़ की लागत की 1025 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के 18 लाभार्थियों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र दिया। कहा कि यूपी विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी ऐसा पहला प्रदेश है जहां पर गरीब की बेटी सरकार की बेटी हो गई है। गरीबों के कल्याण के लिए हमारी सरकार अनेकों योजनाओं को संचालित किया है। इसका लाभ आज दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सैदपुर विधानसभा में और विकास होता मगर यहां पर हमारा विधायक निर्वाचित नहीं हुआ है। उन्होंने इस दौरान गाजीपुर के मेडिकल कालेज का नाम महर्षि विश्वामित्र के नाम पर रखने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने 29 मिनट के अपने भाषण में सपा, बसपा और गुंडों माफियाओं को घेरते रहे।
सीएम योगी 12 बजकर छह मिनट पर मंच पर पहुंचे और लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद सभा समाप्त करके 12 बजकर 59 मिनट पर मंच से उतर गए। सीएम के भाषण देते समय बारिश होती रही। उनके जाने के बाद बारिश समाप्त हो गई। जो चर्चा का विषय बना रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण काल में भी गाजीपुर की चर्चा होती है। गाजीपुर से माफियाओं का सफाया हो चुका है। पिछले साढ़े 4 वर्ष में प्रदेश में बड़ा परिवर्तन हुआ है। कहा कि आज यूपी का युवा कहीं भी जाएगा तो उसे पहचान का संकट नहीं रहेगा। पीएम मोदी ने देश की तकदीर, तस्वीर बदलने का काम किया है। कहा कि बीजेपी सरकार ने जाति, क्षेत्र, चेहरा नहीं देखा। बीजेपी सरकार में सभी वर्गों, सभी समाज का विकास किया गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस से लोगों का जीवन बदलेगा, विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने गांवों के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि हर गांव में कम्प्यूटर आॅपरेटर की तैनाती की जा रही। हर गांव में ग्राम पंचायत का कार्यालय होगा। हर ग्राम पंचायत कार्यालय में इंटरनेट होगा। बीजेपी सरकार लोक कल्याण के लिए समर्पित है। बीजेपी सरकार गुंडों, माफियाओं से अच्छी तरह निपटना जानती है। बीजेपी सरकार में गुंडों, माफियाओं पर बुल्डोजर चलता रहेगा। पिछली सरकारों में गुंडों, माफियाओं को सरकारी संरक्षण मिलता था। बीजेपी ने सभी क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन करके दिखाया है। लोग गंगाजल का आचमन कर सकते हैं। अवैध खनन, अवैध कब्जों पर सरकार ने चाबुक चलाया है। जमीनों पर अवैध कब्जे हटाये गए हैं। सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार किया है। गरीब की बेटी सरकार की बेटी है। किसानों के हितों के लिए तमाम योजनाएं जारी है। किसानों के लाभ,विकास के लिए बीजेपी सरकार लगातार काम कर रही है। माफिया, अपराधी को उसके कृत्यों की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। सरकार विकास की योजनाएं गांव गांव तक पहुंच रही है। विकास बीजेपी का एजेंडा है। लोक कल्याण बीजेपी का एजेंडा है। विकास विपक्षी दलों का एजेंडा नहीं था। यूपी में 30 नए मेडिकल कालेज बन रहे हैं। बीजेपी सरकार विकास के लिए समर्पित है। बीजेपी सरकार जनता के सम्मान के लिए समर्पित है। बीजेपी सरकार जनता के हितों के लिए समर्पित है। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए 2022 में भाजपा की सरकार दोबारा बनाने की अपील की। जनसभा में राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, जमानियां विधायक सुनीता सिंह, मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय, सदर विधायक संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, अशोक मिश्रा, रामतेज पांडेय, कृष्णबिहारी राय, प्रभुनाथ चैहान, बिरनो ब्लाक प्रमुख राजन सिंह सहित काफी संख्या में तमाम भाजपा दिग्गज मौजूद रहे।
सैदपुर की घंटों बंद रहीं दुकानें- मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर स्थित सब्जीमंडी बंद रहेगी। बाजार की दुकानें भी दोपहर एक बजे तक बंद रहेंगी। मुख्यमंत्री के जाने के बाद दुकान खुलेंगे। इसके लिए एसडीएम विक्रम प्रताप सिंह ने उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष विकास बरनवाल को सभी व्यापारियों से बात करने को कहा था। दुकानें बंद रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
डीएम एसपी ने जताई खुशी- डीएम एमपी सिंह एवं एसपी डा. ओपी सिंह ने सीएम का कार्यक्रम संपन्न होने पर खुशी जाहिर की है। दोनों अधिकारी लगातार जगकर इस कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप दिए हैं। डीएम सुबह चार बजे भोर में सैदपुर से आए और फिर दो घंटे बाद सात बजे से पहले सैदपुर पुन: पहुंच गए। यही हाल एसपी का रहा। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताया। इस दौरान सीएम के आगमन तक अधिकारियों की सांसें टंगी रहीं। उनके जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
यह भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, बृजनंदन सिंह, विजेंद्र राय, सुरेश बिंद, शशिकांत शर्मा जिला मीडिया प्रभारी, किरण सिंह महिला मोर्चा भाजपा, किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष डा. विजय यादव, पंकज सिंह चंचल, पप्पू सिंह, मोहित श्रीवास्तव, राघवेंद्र सिंह, प्रदीप पाठक, योगेश सिंह,उपाध्यक्ष सोशल मीडिया सहसंयोजक विनीत शर्मा, आईटी जिला संयोजक आलोक शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, सरोज मिश्रा सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।