एक दूजे के हुए 329 जोड़ों को दिया आशीर्वचन


गाजीपुर (काशीवार्ता)।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आरटीआई मैदान (नवीन स्टेडियम) में आयोजित किया गया। सामूहिक विवाह योजना में जनपद के 8 विकास खण्डों के कुल 329 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान से हुआ। जिसमें 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि 9 दिसंबर को 400 जोड़ों का सामूहिक विवाह और कराया जाएगा, इसकी भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की। विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण योजना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में इस योजना को लागू करके गरीब, मजदूर, असहाय परिवारों को इसका लाभ दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओं को आर्शीवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एवं एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करें। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित जोड़ो को उनके सुखमय जीवन की शुभकामना देते हुए कहा कि दहेज लेना एक अभिशाप है जिसे हमे समाज से दूर करना है।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नव विवाहित जोड़ों को बधाई दी तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सामुहिक विवाह योजना कार्यक्रम महिलाओं के प्रति समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने के लिए एक बहुत ही सार्थक प्रयास है। इस अवसर पर सभी दाम्पत्य जोड़ों को पौधरोपण हेतु पौधे उपलब्ध कराये गये तथा प्रत्येक जोड़ों को अपने सालगिरह पर प्रत्येक वर्ष एक-एक पौध लगाने की अपील की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सभी नव विवाहित जोड़ों को आर्शिवचन देते हुए उनके सुखमय जीवन की मंगल कामला कीे। इस अवसर पर प्रभुनाथ चौहान, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा एवं अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। अपर मुख्य अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा ने आभार जताया।