खुशखबरी: भारत बना दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था


नई दिल्ली। मोदी सरकार के लिए एक अच्छी खबर आई है। भारत अब विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने साल 2019 में ब्रिटेन और फ्रांस को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया।
अमेरिका के शोध संस्थान वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू ने एक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट में बताया है कि आत्म निर्भर बनने की पहले की पॉलिसी से भारत अब आगे बढ़ गया है। भारत ओपन मार्केट वाली अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘भारत ने साल 2019 में ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। सकल घरेलू उत्पाद के मामले में 2,940 अरब डॉलर (2.94 ट्रिलियन डॉलर) के साथ विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है।’ इस दौरान ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 2,830 अरब डॉलर (2.83 ट्रिलियन डॉलर) रही। वहीं फ्रांस की अर्थव्यवस्था का आकार 2,710 अरब डॉलर (2.7 ट्रिलियन डॉलर) का है।