मथुरा किसान महापंचायत में पहुंचीं प्रियंका गांधी


कृषि कानूनों के मसले पर राजनीति लगातार गर्माती जा रही है. कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार महापंचायतों का आयोजन कर रही है. मंगलवार को मथुरा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी.

प्रियंका गांधी मथुरा के पालीखेड़ा में होने वाली महापंचायत में हिस्सा लेंगी. इसके अलावा प्रियंका वृंदावन के श्रीबांके बिहारी मंदिर में भी दर्शन करेंगी.

स्वागत में जुटे कार्यकर्ता

बहरहाल, नोएडा डीएनडी टोल पर प्रियंका गांधी के आने के वजह से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा है. प्रियंका गांधी नोएडा-दिल्ली बॉर्डर से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते से आज मथुरा में होने वाले महापंचायत में शामिल होंगी. प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए नोएडा-दिल्ली बॉर्डर सैकड़ों की संख्या पर कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद हैं.

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं और प्रियंका गांधी कांग्रेस की यूपी प्रभारी हैं. ऐसे में खुद प्रियंका बीते दिनों से फ्रंटफुट पर हैं और लगातार प्रदेश का दौरा कर रही हैं.

प्रियंका गांधी ने इससे पहले सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायतों में हिस्सा लिया था और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था. बीते एक महीने में प्रियंका गांधी दो बार प्रयागराज का दौरा भी कर चुकी हैं.

नाविकों को दस लाख की मदद करेगी कांग्रेस

हाल ही में प्रियंका गांधी ने प्रयागराज में निषाद समुदाय के नाविकों से मुलाकात की थी. मंगलवार को उन्होंने ट्वीट कर इस मसले को उठाया, यूपी सरकार के सामने कुछ मांगें भी रखीं. प्रियंका ने साथ ही ऐलान किया कि नदी के असली दावेदार एवं रक्षक निषाद समुदाय के लोग हैं. बंसवार, प्रयागराज में उप्र पुलिस के उत्पीड़न के विरुद्ध और निषाद समाज के अधिकारों के लिए हम लड़ेंगे. 

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिन निषाद परिवारों की नाव तोड़ी गई है सबको संयुक्त रूप से 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद करेगी. साथ ही कांग्रेस निषाद समुदाय के अधिकारों के लिए नदी अधिकार यात्रा निकालेगी. प्रियंका ने कहा कि नदी के संसाधनों पर प्राथमिक हक निषादों का है, इस विचार के साथ बालू खनन के लिए निषादराज कोपरेटिव सोसायटी के गठन की मांग करते हैं.