बीते एक वर्ष में पैदा बच्चों का नहीं जारी हो रहा प्रमाण पत्र


वाराणसी(काशीवार्ता) डा. केके शर्मा। नगर निगम के जोनल कार्यालयों में शुरू किए गए जन्म-मृत्यु पंजीकरण की कार्यवाही में एक वर्ष के अंदर पैदा हुए और मृत्यु को प्राप्त लोगों का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। केवल एक मात्र आदमपुर वार्ड है जो कि अपने यहां से इस तरह के पत्र जारी कर रहा है। इसको लेकर जनमानस में गहरा आक्रोश है। वहीं यह व्यवस्था पूरे सिस्टम को मुंह चिढ़ाती नजर आ रही है। बताया जाता है कि प्रदेश शासन के निर्देश पर नगर निगम में पहले से जन्म-मृत्यु कार्यालय में पंजीकरण की व्यवस्था को बदल कर उसे 5 जोन में स्थानांतरित कर दिया गया, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को निगम कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और वह अपने वार्डों में ही जन्म और मृत्यु का प्रपत्र जोनल अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त कर सकें। पर सारी व्यवस्था में पेच फंस गया। केवल आदमपुर वार्ड को छोड़कर अन्य सभी वार्डों के अधिकारियों ने एक वर्ष के भीतर हुई मृत्यु और जन्म का प्रमाण पत्र देने से साफ इंकार कर दिया है। निगम सूत्रों ने बताया कि एक्ट में इसका प्रावधान नहीं है। जबकि एक्ट में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि जन्म और मृत्यु का प्रमाण पत्र 21 दिन तक संबंधित पक्ष को निशुल्क रूप से प्राप्त कराया जाएगा। ऐसी अव्यवस्था के चलते जनता बेहाल और परेशान है। उसे यदि जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र चाहिए तो आखिर वो कैसे प्राप्त करे। नगर निगम जाने पर उन्हें जोनल कार्यालय भेज दिया जाता है। यहाँ आने पर उन्हें नियम कानून का पाठ पढ़ाया जाता है। इससे जोनल कार्यालयों पर पत्रावलियो के ढेर लग गए हैं।