मिर्जापुर में पुलिस व गो-तस्करों की मुठभेड़, एक को लगी गोली


मिर्जापुर। जनपद में राजगढ़ थाना पुलिस ने 25 हजार के इनामिया गो तस्कर को मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया। बुधवार को भोर में करीब 4 बजे राजगढ़ चुनार मार्ग पर सेमरी बंधा के पास जंगल में पशु तस्कर और पुलिस में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पशु तस्कर लल्लू उर्फ नवी हुसैन पुत्र मुन्नान अली निवासी ग्राम खोराडीह थाना राजगढ़ घायल हो गया। जिसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पकड़ा गया बदमाश थाना राजगढ़ का मजारिया हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए सीएचसी राजगढ़ में दाखिल कराया गया है।पुलिस ने सूत्रों से मिली जानकारी पर अभियान चलाया और उन्हें सफलता मिली। गौवंश की तस्करी में लंबे समय से काम कर रहे थे। गौवंश को झुंड में सड़क के रास्ते तगड़ी पहरेदारी की जाने के बाद यह जंगल के रास्ते पैदल ही बिहार ले जाने लगे। पुलिस ने जंगलों की भी निगहबानी शुरू कर दी है। लिहाजा अब गोवंश तस्कर छोटे-छोटे झुंड में गोवंश को ले जाने का प्रयास करते हैं। बीती रात यही प्रयास कर रहे गौवंश तस्कर पुलिस के अभियान के दौरान पकड़े गए।मुठभेड़ के दौरान जंगल से दो अन्य पशु तस्कर को गिरफ्तार किया।जिसमें गनीराम उर्फ रामसागर पुत्र स्व. ललई निवासी खोराडीह थाना राजगढ़ पर 25 हजार का इनाम घोषित है। इसके अलावा अंगद चौहान पुत्र स्व. शंकर चौहान निवासी ग्राम रामपुर भभुआ बिहार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 तमंचा 315 बोर मय 2 खोखा कारतूस, 11000 हजार रूपया, 1 चाकू, 1 कुल्हाड़ी व 6 राशि गोवंश बरामद किया गया।