राजनीतिक घमासान के बीच AAP के कई विधायक पार्टी संपर्क में नहीं! सौरभ भारद्वाज ने लगाए भाजपा पर गंभीर आरोप


दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक घमासान जारी है। नई शराब नीति को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा एक दूसरे पर हमलावर है। भाजपा नई शराब नीति में लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। इसको लेकर सीबीआई की ओर से दिल्ली को को मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से भी पूछताछ की जा चुकी है। इन सबके बीच बुधवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया था। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक बैठक भी बुलाई गई थी। अब सूत्रों का दावा है कि आप के कई विधायक पार्टी की पहुंच से बाहर हैं। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी अब एक बार फिर से भाजपा पर हमलावर हो गए। 

आप का आरोप है कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। 40 विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री आवास पर आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक होनी है। आम आदमी पार्टी को उम्मीद है कि इस बैठक में सभी विधायक शामिल होंगे। आपको बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के 62 विधायक हैं। आप का आरोप है कि भाजपा उनकी सरकार गिराना चाहती हैं। इसी कड़ी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चार विधायक सामने आए थे। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा की ओर से उन्हें 20 से 25 करोड़ का ऑफर भी दिया गया है। पार्टी के सांसद संजय सिंह ने साफ तौर पर कहा कि मैं नरेंद्र मोदी सरकार की साम दाम दंड भेद का पर्दाफाश करूंगा।

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि विधायकों- अजय दत्त, संजीव झा, सोमनाथ भारती और कुलदीप से भाजपा के नेताओं ने संपर्क किया है, जिनके साथ उनके मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। सिंह ने कहा कि अगर वे पार्टी (भाजपा) में शामिल होते हैं तो उन्हें 20-20 करोड़ रुपये और अन्य विधायकों को साथ लाने पर 25 करोड़ रुपये की पेशकश की गई है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि उन्होंने (भाजपा नेताओं ने) हमारे विधायकों से कहा कि अगर वे भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव स्वीकार नहीं करते हैं, तो उन्हें भी झूठे मामलों, सीबीआई और ईडी का सामना करना पड़ेगा जैसे (दिल्ली के उपमुख्यमंत्री) मनीष सिसोदिया सामना कर रहे हैं।