पूर्वांचल की हारी लोस सीटों पर नड्डा की पैनी नजर


गाजीपुर (काशीवार्ता)। लोकसभा 2019 के दौरान चुनाव हारने वाली सीटों पर भाजपा ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उन लोकसभा क्षेत्रों में रैलियां कर रहे हैं जहां भाजपा चुनाव हार चुकी है। ऐसा ही एक कार्यक्रम 20 जनवरी को आरटीआई ग्राउंड में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर बीते सोमवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकतार्ओं और नेताओं को जानकारी दी। कहा कि जेपी नड्डा यहां पर जनसभा को संबोधित करके केंद्र और प्रदेश की योजनाओं के विषय में जनता को जानकारी देंगे और यह बताएं कि किस तरह से मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी साजिश रच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्प दिलाया और कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में ही देश सर्वांगीण विकास कर रहा है।
सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष ने कहा कि जन सहभागिता और सार्वजनिक भागीदारी के साथ भारतीय जनता पार्टी लगातार राष्ट्र सम्मान और जन जन के समृद्धि के प्रति समर्पित होकर कार्य करती रही है और आज यह देश की कुल आबादी 130 करोड़ के विकास लक्ष्य को लेकर नए भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। काशी क्षेत्र के दो लोकसभा क्षेत्रों को विगत चुनाव में हम वंचित रह गए थे। लेकिन 2024 के चुनाव में हमारा लक्ष्य है कि अब तक के भारी अंतर से हम गाजीपुर और जौनपुर लोकसभा में भाजपा का विजय पताका लहराएंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश मे महिलाएं तथा व्यापारियों के साथ आम जन जीवन आज भयमुक्त जीवन जी रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा छात्रों से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का जिले के विभिन्न विद्यालयों मे एलईडी टीवी के माध्यम से दिखाया जाएगा। जिला प्रभारी अशोक मिश्रा ने बैठक मे उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद आभार प्रकट किया।
बैठक में पं. बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर उनके आत्मा को शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सरोज कुशवाहा, पूर्व मंत्री डा संगीता बलवंत, सुनीता सिंह, कालीचरण राजभर, प्रभुनाथ चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।