शिकायतों का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता


भदोही। जन शिकायतो के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत सम्पूर्ण समाधान दिवस जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। तहसील औराई में पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र आर पी सिंह ,अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र, तहसील भदोही में जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, एव तहसील ज्ञानपुर में उप जिलाधिकारी अश्वनी पांडेय व अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निस्तारण किया गया। तहसील भदोही में कुल 107 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया । जिसमें जिलाधिकारी द्वारा 12 प्रार्थना पत्रो को मौके पर ही निस्तारित करते हुये शेष 95 प्रार्थना पत्रो को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियो को निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रो को अधिकारी गुणवत्तापूर्ण ढंग से एक सप्ताह के अन्दर निस्तारिा करायें। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ना पाये जाने पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। सम्पूर्ण समाधान में आए ज्यादातर शिकायत जमीन, राजस्व विवाद,प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों के चयन में अनियमितता तथा राशन कार्ड बनवाने से सम्बन्धित रहें।
पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस द्वारा शासन त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। अपर जिलाधिकारी( वि/रा) शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि आईजीआरएस के निस्तारण मे डिफाल्टर कदापि नही होना चाहिये, प्राप्त संदर्भो का ससमय निस्तारित करते आख्या को पोर्टल पर अपलोड किया जाय।इसी क्रम में तहसील औराई में अधिकारियो द्वारा कुल 41प्रार्थना पत्रों में 1 का तथा तहसील ज्ञानपुर में उप जिलाधिकारी द्वारा 6 का निस्तारण किया गया।