राहत का पैकेट लेकर लहुरीकाशी पहुंची केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा


गाजीपुर (काशीवार्ता)। जिले में खतरे के निशाने से ऊपर बह रहीं गंगा ने दर्जनों गांवों को प्रभावित करके रख दिया है। बाढ़ से पीड़ित लोगों का हाल बुरा है। लोगों के सामने पशुओं के चारा से लेकर अपनी जीविका चलाने के संकट के बीच हनुमान बनकर आईं केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हर स्तर पर मदद की जाएगी। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच में ही डीएम से कहा कि हर पीड़ित के हाथों में यह राहत सामग्री मिलनी चाहिए।
गंगा में आई भीषण बाढ़ के बीच कासिमाबाद और जखनियां तहसील को छोड़ पांच तहसीलें प्रभावित हैं। इन तहसीलों के दर्जनों गांवों के किनारे बाढ़ का पानी लग गया है। कई गांवों के सम्पर्क मार्ग टूट गए हैं। लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी एमपी सिंह लगातार बाढ़ पर नजर रखे हुए हैं। वह लगातार लोगों में सामग्री वितरित भी कर रहे हैं। मंगलवार की दोपहर बारह बजे तक गंगा का जल स्तर 64.380 मीटर रिकार्ड किया गया है। गंगा फिलहाल स्थिर बताई जा रही हैं। हालांकि जिले में गंगा खतरे के निशान से ऊपर हैं। इस बाढ़ के शोर के बीच मोदी सरकार में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी का आगमन जिले में हुआ। वह दो दिन जनपद में रूककर विकास कार्यों के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री का काफिला जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ गंगादास बाबा आश्रम बयेपुर देवकली में पहुंचा। यहां पर उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लिया। बाढ़ के संबंध में अधिकारियों के साथ ही वहां पर मौजूद लोगों से वार्ता किया।
इसके बाद मौके पर मौजूद बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का किट अपने हाथों से वितरित किया। इस किट में 10 किलो आटा, 10 किलो आलू, 10 किलो चावल, 5 किलो लाई, 2 किलो अरहर दाल, 2 किलो चना, 1 लीटर तेल, हल्दी एक पैकेट, सब्जी मसाला,धनिया 1 पैकेट, 1 पैकेट नमक, 1 पैकेट मोमबती, 10 पैकेट विस्कुट एवं 1 पैकेट माचिस शामिल थी। राहत पैकेट मिलते ही गरीबों के चेहरे पर आभार के भाव स्पष्ट झलक रहे थे। यहां से केंद्रीय मंत्री का काफिला विकास भवन पहुंचा। जहां पर उन्होंने विकास कार्यों की बैठक ली। साथ ही बाढ़ की तैयारियों एवं राहत के संबंध में चर्चा की। इस दौरान डीएम, एसपी रोहन पी बोत्रे, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।