एक-एक सीट पर सपा तथा निर्दलीय प्रत्याशी की बढ़त जारी, भाजपा पांच सीट पर आगे


लखनऊ, : उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यों वाली विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उप चुनाव का परिणाम का करीब हफ्ते भर से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों के सामने होगा। दीपावली के पहले वाला मंगलवार यानी आज सात लोगों के लिए बेहद मंगलकारी साबित होगा, जबकि अन्य लोग विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुट जाएंगे।

11:30 एक-एक सीट पर सपा तथा निर्दलीय प्रत्याशी की बढ़त जारी, भाजपा पांच सीट पर आगे

सात सीट पर उपचुनाव की मतगणना में सात चक्र तक भाजपा सात में से पांच सीट पर बढ़त पर है। भाजपा को एक सीट पर नुकसान होने का खतरा है जबकि समाजवादी पार्टी परम्परागत सीट गंवाने की कगार पर है, हालांकि उसको नयी सीट पर जीतने की उम्मीद भी बनी है। भाजपा ने टूंडला, देवरिया सदर, बांगरमऊ, बुलंदशहर के साथ घाटमपुर में मजबूत बढ़त बना ली है। जौनपुर के मल्हनी में बड़ा उलटफेर हो रहा है। सभी कयास को दरकिनार कर निर्दलीय धनंजय सिंह ने सात चक्र तक बढ़त बना ली है। यहां से विधायक रहे पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव दूसरे, बसपा के जेपी दूबे तीसरे तथा भाजपा के मनोज सिंह चौथे स्थान पर हैं। समाजवादी पार्टी ने अमरोहा की नौगावां सादात में पहले चक्र की बढ़त को बरकरार रखा है। यहां से चेतन चौहान विधायक थे, उनकी पत्नी संगीता चौहान दूसरे स्थान पर हैं।

10:30 AM- भाजपा के पांच तथा सपा व निर्दलीय प्रत्याशी एक-एक सीट पर आगे

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने घाटमपुर सुरक्षित सीट पर एक बार फिर बढ़त बना ली है। चार चक्र की गठना के बाद भाजपा अब उन्नाव की बांगरमऊ, फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, देवरिया की देवरिया सदर तथा कानपुर शहर की घाटमपुर सुरक्षित सीट पर बढ़त बना ली है। भाजपा को अमरोहा की नौगावां सादात सीट पर झटका लग रहा है। समाजवादी पार्टी को जौनपुर की मल्हनी सीट पर झटका लग रहा है। नौगावां सादात में सपा के जावेद आब्दी तथा मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह बढ़त पर हैं।

10:20 AM- कानपुर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर कांटे की टक्कर, अब भाजपा आगे

कानपुर शहर के घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव में मतों की गणना के तीसरे चक्र की गणना में मामला एक बार फिर उलट गया है। यहां पर भाजपा के प्रत्याशी उपेंद्र नाथ पासवान ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप शंखवार पर बढ़त बना ली है। पासवान अब 655 वोट की बढ़त पर हैं। भाजपा को 4437, बसपा को 3782, सपा को 2125 तथा कांग्रेस को 1592 वोट मिले हैं।

10:10 AM- जौनपुर के मल्हनी में तीसरे राउंड में निर्दल धनंजय सिंह 1839 मत से आगे

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उपचुनाव की चल रही मतों की तीसरे राउंड की गणना पूरी हो गई है। इसमें निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से 1839 मतों से आगे चल रहे हैं। धनंजय सिंह को 6023 तो लकी यादव को 4184 मत मिले हैं।

10:00 AM- पहले चक्र में भाजपा चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर आगे

सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं। भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार उन्नाव के बांगरमऊ, डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी उर्फ गुड्डू बाबू, प्रेम पाल सिंह धनगर फिरोजाबाद के टूंडला व ऊषा सिरोही बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर से आगे हैं। समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी अमरोहा के नौगावां सादात, बहुजन समाज पार्टी के कुलदीप शंखवार कानपुर शहर के घाटमपुर तथा निर्दलीय धनंजय सिंह जौनपुर की मल्हनी सीट से आगे चल रहे हैं।

9:50 AM- जौनपुर के मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह ने बना ली बढ़त

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भिड़ंत बेहद रोचक हो गई है। यहां पर पोस्टल बैलट में आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के लकी यादव को निर्दलीय धनंजय सिंह ने पीछे छोड़ दिया है। जौनपुर से सांसद रहे दबंग धनंजय सिंह आगे निकले हैं। धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के लकी यादव को पीछे छोड़ दिया है, जो अपने पिता पारसनाथ यादव की विरासत को बचाने मैदान में उतरे हैं। पहले चक्र में धनंजय सिंह ने दो सौ वोट की बढ़त बनाई है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी मनोज सिंह की हालत बेहद खराब है। वह तीसरे स्थान पर है। सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं।