पेट्रो मूल्य वृद्धि के खिलाफ सपा ने किया अनोखा प्रदर्शन


वाराणसी (काशीवार्ता)। डीजल, पेट्रोल के मूल्य में हो रहे बेतहाशा वृद्धि के विरोध में आज पितरकुंडा इलाके में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बाइक बिक्री का सेल लगाकर अनोखा प्रदर्शन किया। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व पार्षद रामशरण बिंद के नेतृत्व में जुटे सपाइयों का कहना था कि पेट्रोल और डीजल के कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण अब वाहनों को चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में हम सभी अब अपनी बाइक की बिक्री करना चाहते हैं। प्रतीकात्मक रूप से अपने वाहनों की सेल लगा कर सपाइयों ने अपना विरोध जताया व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से अब आम जनमानस कराह रहा है। लॉकडाउन से परेशान लोग अब लगातार बढ़ती महंगाई के बोझ तले दबते जा रहे हैं। मॉल भाड़े में बढ़ोत्तरी के साथ अब लगभग हर सामान महंगा हो रहा है। परेशान जनता के तमाम धरना-प्रदर्शन के बावजूद सरकार कान में तेल डालकर बैठी है। इस दौरान पार्षद हारून अंसारी, पार्षद गोपाल यादव, प्रियांशु यादव, त्रिलोकी यादव, बच्चा पटेल, अजय यादव, अजय बिंद, प्रकाश त्रिपाठी, कमलेश यादव, अखिलेश गुप्ता, बब्लू बिंद आदि मौजूद थे।