स्वीटी-मंजू व निकिता ने जीता स्वर्ण पदक


वाराणसी (काशीवार्ता)। आईआईटी बीएचयू के रमेश श्रीनिवासन स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर के इनडोर हाल में रविवार को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत कुश्ती के मुकाबलों में कई उलटफेर देखने को मिले। महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में गुरु नानक देव विवि की पहलवान स्वीटी ने खिताबी मुकाबले में चौंकाया। उन्होंने फाइनल में अपने से मजबूत मानी जा रही एसयू की स्वाति संजय शिंदे को अंकों के आधार पर परास्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। स्वाति को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जबकि इस भार वर्ग में कांस्य पदक एसजीएसयू की हिना एस खलीफा को हासिल हुआ। उधर महिलाओं के 59 किलोग्राम भार वर्ग का स्वर्ण दिल्ली विवि की मंजू के नाम रहा। खिताबी मुकाबले में उन्होंने महर्षि दयानंद विवि की अंकिता को परास्त कर यह कामयाबी हासिल की। बीटीयू की प्रियंका को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। वहीं महिलाओं के 72 किलोग्राम भार वर्ग में गुरुनानक देव विवि की मंजू ने स्वर्ण बीपीएसएमयू की निकिता ने रजत और महर्षि दयानंद विवि की नवीता ने कांस्य पदक पर अपना नाम लिखाया।
इसी क्रम में महिलाओं के 62 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली विवि की निकिता ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने खिताबी मुकाबले में जीटीयू की सिमरन को परास्त किया। सिमरन को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं पुरुषों के ग्रीको रोमन ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में आरटीएमएनयू के तरुण वत्स ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं 72 किलोग्राम भार वर्ग में जीकेयू के सचिन को स्वर्णिम कामयाबी हाथ लगी। खेलो इंडिया के कोआॅर्डिनेटर अशोक कुमार सिंह ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया।