तंदूर बनी काशी पारा 43 के पार


वाराणसी(काशीवार्ता)। वाराणसी में प्रचंड गर्मी, तल्ख धूप, लू और उमस ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। दोपहर के वक्त हवा तो चल रही है, मगर धूप इतनी तीखी है कि हवा आंच की तरह महसूस हो रही है। दोपहर में चल रही गर्म हवा ने दुश्वारियां बढ़ा दी है। पूरा शहर एक हीट आईलैंड के रूप में तब्दील होता जा रहा है। वाराणसी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री को पार कर गया है। वहीं आज सुबह 5.30 बजे का तापमान 30 डिग्री के भी ऊपर चला गया था। जबकि रात में तापमान 35 डिग्री तक दर्ज किया गया। इससे यह पता चल रहा है कि दिन के साथ रातें भी तेजी से गर्म हो रहीं हैं। बाबतपुर स्थित मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी में सुबह से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल रही है। वहीं हवा में नमी 74% तक बनी हुई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इधर-बीच बारिश का कोई अनुमान नहीं है। तापमान और ऊपर चढ़ेगा और स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली जाएगी। मानसून की आहट भले ही केरल में हो गई हो, मगर उत्तर प्रदेश में दूर-दूर तक कोई संभावना फिलहाल नहीं बन रही है।