काशी में बह रही विकास की गंगा


(अनिल जायसवाल)
वाराणसी (काशीवार्ता)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी के सचेतक लक्ष्मीकांत बाजपेई ने कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के विकास कार्यों पर पूरा भरोसा है और वह 2024 में पहले से अधिक बहुमत से भाजपा को विजई बनाएगी। काशीवार्ता को दिए गए साक्षात्कार में डॉ. बाजपेई ने कहा सभी विपक्षी दल एक होकर भी चुनाव लड़ते हैं तो भी वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को कभी लोकतंत्र पर भरोसा नहीं था। वह देश व विदेश में भारत की छवि को हमेशा खराब करते रहे हैं। हाल ही में राहुल गांधी द्वारा लंदन में दिए गए बयान पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, इससे बड़ा राष्ट्र विरोधी कार्य कुछ और हो ही नहीं सकता। सूरत कोर्ट के फैसले के बाद संविधान के अनुसार उनकी सदस्यता समाप्त की गई। इस फैसले के खिलाफ अपील का विकल्प खुला है। वह अपीलीय न्यायालय में जा सकते हैं। श्री बाजपेई ने कहा आपातकाल लगाकर इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटा, वही अब राहुल गांधी कर रहे हैं। भारत की संवैधानिक संस्थाएं न्यायालय स्वतंत्र हैं, उन पर किसी के दबाव का आरोप निराधार व हास्यास्पद है। यह पूछे जाने पर कि अब काशी कैसी लग रही है, उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास की धारा बहा दी है। निरंतर विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण हो रहा है। काशी का मान, सम्मान देश में ही नहीं विदेशों में भी बढ़ा है। निरंतर पर्यटकों के आने से स्थानीय लोगों में रोजगार व व्यवसाय के अवसर बढ़े हैं।