कमच्छा तिराहे पर खोदकर छोड़े गए मलबे से रोज लग रहा जाम


वाराणसी(काशीवार्ता)। सिगरा-लंका मुख्य मार्ग पर कमच्छा तिराहे पर स्थित शॉयरी माता मंदिर के समीप सड़क खोदकर मलवा छोड़ देने से क्षेत्र में रोज भीषण जाम लग रहा है। संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी रोज इस मार्ग पर जाम की समस्या से जूझते हैं, लेकिन गंतव्य पर पहुंचने के बाद इसे नजर अंदाज कर देते हैं। बता दें कि गुरूबाग से रथयात्रा तक एकल मार्ग की व्यवस्था होने के कारण तीन पहिया, चार पहिया वाहन कमच्छा होकर रथयात्रा अथवा इसके आगे के मार्ग के लिए जाते हैं। वही लंका से कैंट स्टेशन जाने का भी यही मुख्य मार्ग है। तमाम सवारी वाहनों के अलावा हजारों प्राइवेट वाहन प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं। एक तो यह सड़क पहले से ही संकरी है, वहीं सड़क के बड़े भाग पर मलबा पड़ा होने से क्षेत्र रोज जाम की चपेट में रहता है। लंका क्षेत्र में बीएचयू अस्पताल समेत कई प्रमुख प्राइवेट हॉस्पिटल होने से गंभीर मरीजों को लेकर दिनभर एंबुलेंस की आवाजाही रहती है, जिससे जाम की आगोश में रोज जकड़ना पड़ता है। वहीं कैंट स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी जाम के चलते ट्रेन छूट जाने का भय सताता रहता है।