साबरमती आश्रम में ट्रंप ने गांधी को किया नमन, चलाया चरखा


अहमदाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने अपने भारत दौरे की शुरूआत अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम से किया। साबरमती आश्रम में ट्रंप और मेलानिया ने चरखे पर सूत काता और इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके साथ रहे। यहां ट्रंप और मेलानिया का एक अलग ही रूप देखने को मिला। इससे पहले ट्रंप का विमान लगभग 11 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप परिवार की अगवानी की। एयरपोर्ट से डोनाल्ड ट्रंप सीधे साबरमती आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में महात्मा गांधी को नमन किया। अमेरिका राष्ट्रपति के दौरे से पहले स्थानीय अधिकारियों ने आश्रम को सजाया-संवारा। डोनाल्ड ट्रंप ने यहां लगभग 15 मिनट बिताए। हालांकि, पहले यह तय नहीं था कि डोनाल्ड ट्रंप साबरमती आश्रम जाएंगे या नहीं।

साबरमती आश्रम में भी ट्रंप का स्वागत करने के लिए पीएम मोदी पहले से ही मौजूद रहे। ट्रंप और मेलानिया गांधी आश्रम पहुंचे तो उन्हें खादी अंगवस्त्र दिया गया, जिन्होंने धारण किया। इसके बाद जूते बाहर उतारकर ट्रंप और मेलानिया ने साबरमती आश्रम में प्रवेश किया। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को नमन किया। इस दौरान पीएम मोदी एक-एक चीज अतिथियों को समझाते हुए नजर आए। ट्रंप और मेलानिया ने जब चरखा चलाने की इच्छा जाहिर की, तो पीएम मोदी ने उन्हें समझाया कि इससे कैसे सूट काता जाता है। ये देखकर कई लोगों को हैरानी भी हुई। ट्रंप और मेलानिया ने चरखा चलाया और फिर पूरे आश्रम का भ्रमण किया। आश्रम की प्रथा है कि यहां आने वाले विशेष अथिति यहां कोई न कोई संदेश लिखकर जाते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साबरमती आश्रम की विजिटर बुक में लिखा- मेरे महान दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी…धन्यवाद, शानदार दर्शन।