संयुक्त राष्ट्र महासचिव की भारत यात्रा, एंतोनियो गुतारेस ने कहा- आतंकवाद से लड़ना पृथ्वी पर हर देश के लिए वैश्विक प्राथमिकता होनी चाहिए


मुंबई। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बुधवार को मुंबई में ताज महल पैलेस होटल में 26/11 के आतंकवादी हमलों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आए गुतारेस के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी थे। गुतारेस ने होटल में 26/11 हमलों के स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। गुटेरेस ने मुंबई में कहा, आतंकवाद से लड़ना पृथ्वी पर हर देश के लिए वैश्विक प्राथमिकता होनी चाहिए और आतंकवाद से लड़ना संयुक्त राष्ट्र की केंद्रीय प्राथमिकता है।वह 26/11 के मुंबई हमले की उत्तरजीवी देविका रोटावन से मिले, जिसे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर गोली लगने से चोट लगी थी, जिसकी गवाही के कारण आतंकवादी अजमल कसाब पर मुकदमा चलाया गया था। देविका रोटावन 26/11 मुंबई हमले की उत्तरजीवी और प्रत्यक्षदर्शी ने गुटेरेस से मुलाकात के बाद कहा, “मैंने उनसे कहा कि मैं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर घायल हो गयी थी और अदालत में अजमल कसाब की पहचान की। मैंने उनसे यह भी कहा कि मैं पढ़ना चाहता हूं और एक अधिकारी बनना चाहती हूं, आतंकवाद को खत्म करना चाहती हूं।”गुटेरेस बुधवार आधी रात के बाद लंदन से एक व्यावसायिक उड़ान के जरिए मुंबई पहुंचे। उनके आगमन पर महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जनवरी में दूसरा कार्यकाल शुरू होने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उन्होंने इससे पहले अपने पिछले कार्यकाल के दौरान अक्टूबर 2018 में देश का दौरा किया था। गुतारेस बुधवार मध्यरात्रि के बाद लंदन से एक व्यावसायिक उड़ान के जरिए मुंबई पहुंचे। उनके आगमन पर महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बाद में वह दक्षिण मुंबई के ताजमहल पैलेस होटल गए, जहां उन्होंने 26/11 आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। ताजमहल पैलेस होटल उन स्थानों में से एक था, जिन्हें 26 नवंबर 2008 को हुए भयानक आतंकवादी हमलों के दौरान निशाना बनाया गया था।

गुतारेस गुजरात के लिए रवाना होने से पहले आज दिन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई में “इंडिया @ 75: यूएन-इंडिया पार्टनरशिप: स्ट्रेंथनिंग साउथ-साउथ कोऑपरेशन” विषय पर एक सार्वजनिक भाषण देंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव 20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गुजरात के केवड़िया में ‘मिशन लाइफ’ (पर्यावरण के अनुसार जीवन शैली) से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद-रोधी समिति ने भारत का दौरा किया था, जिसके बाद गुतारेस भारत की यात्रा पर आए हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर चिंताजनक वैश्विक मुद्दों पर गुतारेस के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। साथ ही वह संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के संबंधों को प्रगाढ़ बनाने पर भी बात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि केवडिया में, गुतारेस ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर सकते हैं। वह मोढेरा (गुजरात) में देश के पहले सौर ऊर्जा संचालित गांव और क्षेत्र में अन्य विकास परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी हासिल करेंगे। एक अधिकारी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव मोढेरा में सूर्य मंदिर भी जाएंगे और बृहस्पतिवार देर रात मुंबई से सिंगापुर के लिए रवाना हो जाएंगे।