नगर विकास मंत्री ने सोनिया तालाब को दिया जीवनदान


(राजेश राय)
वाराणसी(काशीवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक ऐतिहासिक सोनिया तालाब के अच्छे दिन लौट आये है। ‘काशीवार्ता’ की मुहिम पर नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा ने नगर निगम को इस तालाब के पुनरुद्धार का आदेश दिया। इसके बाद नगर निगम ने युद्धस्तर पर इस तालाब को पुरानी स्थिति में लौटाने का काम शुरू कर दिया है। पिछले दो दिन में पचासों ट्रैक्टर मलबा हटाया जा चुका है। इस काम में दो जेसीबी और आधा दर्जन ट्रैक्टर लगे है। दिन में भीषण गर्मी को देखते हुए सभी कार्य रात में कराये जा रहे हैं। ज्ञात हो कि इस तालाब के किनारे आजादी के दीवानों ने अंग्रेजों का नमक का कानून तोड़ा था। इसलिये तालाब से सटी सड़क का नाम सत्याग्रह मार्ग पड़ा। इस तालाब का निर्माण डॉ. रघुनाथ सिंह ने कराया था। वे आजादी के बाद हुए लोकसभा के तीन चुनावो में बनारस के सांसद थे। इसे उन्होंने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। वे सादगी की प्रतिमूर्ति थे। सांसद के रूप में मिलने वाला वेतन तक वे नहीं लेते थे, लेकिन रखरखाव के अभाव और भूमाफियाओं की कुदृष्टि के चलते इस ऐतिहासिक तालाब के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया था। ‘काशीवार्ता’ ने अनेकों बार इस तालाब की दुर्दशा की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। काशीवार्ता प्रतिनिधि ने पिछले दिनों नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा के संज्ञान में भी यह मामला लाया था। नगर विकास मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया और बनारस नगर निगम को तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। आदेश मिलने के बाद नगर निगम का अमला हरकत में आ गया। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बुधवार को तालाब का निरीक्षण कर अधिकारियों को उचित दिशानिर्देश दिया। तालाब के पुनरुद्धार की खबर से आसपास की कॉलोनियों के निवासियों में हर्ष की लहर है। यह तालाब भूजल रिचार्ज का प्रमुख स्रोत बन सकता है, जिससे कॉलोनियों में भूजल स्तर बनाये रखने में बड़ी मदद मिलेगी।
दो चरणों में होगा तालाब का सुंदरीकरण
नगर निगम के मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन ने ‘काशीवार्ता’ को बताया कि तालाब का विकास कार्य दो चरणों में कराया जाएगा। प्रथम चरण में तालाब के मलबे को हटा कर इसे गहरा किया जायेगा। दूसरे चरण में इसके सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा। बताया कि तालाब का अतिक्रमण हटा कर चारो तरफ की बाउंड्रीवाल को दुरुस्त की जाएगी। इसके बाद चारो तरफ लोहे की ग्रिल से फेंसिंग करायी जाएगी। अतिक्रमण हटाने के लिये राजस्व की टीम से तालाब का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तालाब का कुछ इस तरह विकास कार्य कराया जाएगा, जिससे इसमें सिर्फ वर्षा का जल संचय हो।पास में बने शौचालय की नाली का मुंह दूसरी तरफ मोड़ दिया जाएगा।उन्होंने जनता से अपील की कि लोग अपने घरों का कचरा तालाब में न फेंके और इसे साफ रखने में नगर निगम की मदद करें।