वरुण गांधी ने गंगा में मरीं मछलियों पर जताई चिंता


वाराणसी। पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी के एक ट्वीट पर वाराणसी जिला प्रशासन और नमामि गंगे के अधिकारी हिल गए हैं। वरुण गांधी ने आज ट्वीट कर वाराणसी में गंगा में मरती मछलियों पर चिंता जताई है। कहा कि गंगा तो जीवनदायिनी है, फिर गंदे पानी के कारण मछलियों की मौत क्यों? जवाबदेही किसकी है। दो दिन पहले वाराणसी में शिवाला घाट के उस पार काफी छोटी मछलियां मरी पाईं गईं थी। इसको लेकर वरुण गांधी ने ट्वीट किया तो आज सरकारी महकमे और काशीवासियों में मरी मछलियां चर्चा का विषय बनीं हैं। वरुण गांधी ने यह भी लिखा कि गंगा हमारे लिए सिर्फ नदी नहीं, “मां’ है। करोड़ों देशवासियों के जीवन, धर्म और अस्तित्व का आधार है मां गंगा। इसलिए नमामि गंगे पर 20,000 करोड़ का बजट बना। 11,000 करोड़ खर्च के बावजूद प्रदूषण क्यों?
संकट मोचन मंदिर के महंत ने किया था ट्वीट
वरुण गांधी के ट्वीट के बाद यह वीडियो बहुत तेजी वायरल हो रहा है। इसके पहले संकट मोचन के महंत और प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने इस वीडियो को ट्वीट कर इसे शिवाला घाट के सामने का बताया था। उन्होंने लिखा था कि गंगा पार हजारों मछलियां मरी पड़ीं हैं। कारण क्या है। ये अच्छा लक्षण नहीं है और इस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।